सावन की तैयारी: 20वीं कांवड़ यात्रा को भव्य बनाने की कवायद, प्रमोद कुमार फिर बने अध्यक्ष

सोनभद्र - चोपन सावन माह में निकलने वाली ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा को लेकर चोपन में तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार शाम महादेव सेवा समिति की आयोजित बैठक में आगामी जलाभिषेक एवं कांवड़ यात्रा की रूपरेखा तय की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रमोद कुमार को एक बार फिर महादेव सेवा समिति का अध्यक्ष चुना गया।

समिति ने निर्णय लिया कि इस वर्ष सावन के दूसरे सोमवार 9 अगस्त को चोपन सोन घाट से डाला स्थित अचलेश्वर धाम तक भव्य कांवड़ यात्रा एवं जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यात्रा में चोपन सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे और "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन पिछले दो दशकों से लगातार श्रद्धा, आस्था और अनुशासन के साथ आयोजित किया जा रहा है। समय के साथ यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल हो चुकी है और हर वर्ष इसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं।
दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर प्रमोद कुमार ने समिति के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि इस बार यात्रा को पहले से अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों और शिवभक्तों के सहयोग से आयोजन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में कांवड़ यात्रा के सफल संचालन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, स्वागत व्यवस्था तथा स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। बैठक में महादेव सेवा समिति के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे और एकजुट होकर सफल एवं भव्य कांवड़ यात्रा के आयोजन का संकल्प दोहराया।

रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.