सोनभद्र में पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड की उठी मांग, राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र : जनपद के पत्रकारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिलाने की मांग तेज हो गई है। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के नेतृत्व में सोमवार को पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिला सूचना कार्यालय में पंजीकृत सभी पात्र पत्रकारों का आयुष्मान भारत (PM-JAY) योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनवाने की मांग की। परिषद के जिला अध्यक्ष संतोष साहनी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में दिन-रात और विषम परिस्थितियों में जनहित की खबरों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। इस दौरान उन्हें कई तरह के स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी जोखिमों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है। ज्ञापन में प्रदेश सरकार की मंशा का हवाला देते हुए कहा गया कि हाल ही में लखनऊ में आयोजित पत्रकार महासम्मेलन में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पत्रकारों का आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की घोषणा की थी। परिषद ने मांग की कि इस घोषणा को सोनभद्र में भी जल्द अमल में लाया जाए, ताकि पात्र पत्रकारों को योजना का लाभ मिल सके। संगठन ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि जिला सूचना कार्यालय में विभिन्न समाचार पत्रों और समाचार चैनलों के माध्यम से पंजीकृत पत्रकारों का सत्यापन कर स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से विशेष शिविर आयोजित कर आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि जिला प्रशासन इस दिशा में पहल करता है तो यह पत्रकारों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष संतोष साहनी, जिला प्रभारी अजीत प्रताप सिंह और जिला उपाध्यक्ष विकास अग्रहरि सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.