ओबरा तहसील में एसडीएम की तैनाती की मांग, अधिवक्ताओं ने जताई नाराज़गी

ओबरा : सोनभद्र के ओबरा तहसील में उपजिलाधिकारी के स्थानांतरण के बाद नए एसडीएम की नियुक्ति न होने से प्रशासनिक और न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसे लेकर अधिवक्ता संघर्ष समिति ने बैठक कर शासन से जल्द नियुक्ति की मांग उठाई।

ओबरा तहसील परिसर में अधिवक्ता संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि उपजिलाधिकारी के स्थानांतरण के बाद से तहसील में आम जनता, वादकारियों और अधिवक्ताओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय एवं जाति प्रमाण पत्र सहित न्यायालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य लंबित पड़े हैं। अधिवक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। आवश्यक प्रमाण पत्र समय पर जारी न होने के कारण अनेक छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। समिति ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही ओबरा तहसील में नियमित उपजिलाधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन करने पर विचार किया जाएगा। बैठक में अधिवक्ता संघर्ष समिति के संयोजक एडवोकेट उमेश चंद शुक्ला ने शासन और प्रशासन से तत्काल एसडीएम की नियुक्ति कर आमजन को राहत दिलाने की मांग की। बैठक में समाजसेवी नंदलाल पाण्डेय, अमित उपाध्याय, अनिल राय, संजय द्विवेदी, ऋषभ पटेल, मनीष मिश्र, मिथिलेश तिवारी, किशन सहित अनेक अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.