सोनभद्र के रवि सिंह ने थाईलैंड में जीता ब्रॉन्ज़, 32 देशों के बीच लहराया तिरंगा
सोनभद्र : सोनभद्र के रेणुकूट निवासी और हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कर्मचारी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का गौरव बढ़ाया है। थाईलैंड के पटाया में आयोजित 9वीं हीरोज़ ताइक्वांडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में रवि सिंह ने पुरुष अंडर-58 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश, उत्तर प्रदेश और सोनभद्र का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में दुनिया के 32 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। रेणुकूट निवासी रवि सिंह, स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र हैं और हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत हैं। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक थाईलैंड के पटाया में आयोजित 9वीं हीरोज़ ताइक्वांडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किया।
रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच हरप्रीत सिंह, राकेश कुमार और रंजीत सूरज के साथ-साथ हिण्डालको रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा तथा बॉयलर को-जनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, मार्गदर्शन और विश्वास की बदौलत ही वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए पदक जीतने में सफल हुए।
रवि सिंह की इस उपलब्धि पर रेणुकूट, हिण्डालको परिवार और पूरे सोनभद्र जिले में खुशी का माहौल है। परिवार, मित्रों, सहकर्मियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। थाईलैंड की धरती पर भारत का तिरंगा लहराकर रवि सिंह ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों के खिलाड़ी भी विश्व मंच पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। सोनभद्र को अपने इस होनहार खिलाड़ी पर गर्व है।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी
No Previous Comments found.