किड्स केयर स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम

ओबरा/सोनभद्र :  किड्स केयर इंग्लिश स्कूल ओबरा में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यातायात उपनिरीक्षक राजेश यादव ने विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात के नियमों और मोटर वाहन अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी।

यातायात उपनिरीक्षक ने विद्यार्थियों को बाइक, स्कूटर एवं कार चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने खास तौर पर नाबालिगों के वाहन चलाने को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा बाइक या स्कूटर चलाना कानूनन अपराध है। नाबालिग के वाहन चलाते पाए जाने पर वाहन जब्त किए जाने के साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। राजेश यादव ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और अपने माता-पिता, रिश्तेदारों एवं मित्रों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। जागरूकता सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों से जुड़े कई सवाल भी पूछे, जिनका यातायात उपनिरीक्षक ने सरल तरीके से जवाब दिया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।
विद्यालय प्रबंधन ने उत्तर प्रदेश यातायात पुलिस एवं यातायात उपनिरीक्षक राजेश यादव का आभार जताया। प्रबंधन ने कहा कि बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रिपोर्टर :  कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.