राजकीय पीजी कॉलेज ओबरा में ‘हर घर तिरंगा’अभियान के तहत तिरंगा सेल्फी कार्यक्रम आयोजित
ओबरा,सोनभद्र : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में ‘हर घर तिरंगा–2026’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा सेल्फी एवं डिजिटल विजिबिलिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रमोद कुमार ने किया।अपने संबोधन में प्राचार्य ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान का तृतीय चरण 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।प्राचार्य ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेकर एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कैडेट्स से अपने घरों और आसपास के लोगों को भी तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने तथा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. उपेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया।
वहीं, एनसीसी प्रभारी डॉ. योगेंद्र लाल वर्मा ने कैडेट्स के साथ तिरंगे के साथ सेल्फी ली और अभियान के उद्देश्यों एवं आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को अभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी ली और अभियान की डिजिटल विजिबिलिटी को बढ़ावा दिया। कार्यक्रम से संबंधित फोटो एवं वीडियो तैयार कर ‘मेरा भारत पोर्टल’ पर भी अपलोड किए गए।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा–हर दिल तिरंगा’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी
No Previous Comments found.