प्रियंका गुप्ता बनीं वनिता मंडल की ‘तीज क्वीन’, हरियाली तीज उत्सव में बिखरी सांस्कृतिक रंगों की छटा
ओबरा/सोनभद्र - ओबरा तापीय परियोजना आवासीय परिसर स्थित ऑफिसर्स क्लब-1 में वनिता मंडल की ओर से हरियाली तीज के अवसर पर ‘तीज की उमंग’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। उत्सव के दौरान महिलाओं ने गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वनिता मंडल की अध्यक्षा सुभद्रा यादव, उपाध्यक्षा रितु सिंघल, मधुलिका राय, रीना चतुर्वेदी एवं मणी चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वनिता मंडल की सचिव माण्डवी वर्मा ने सभी सदस्यों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर को मंच के माध्यम से समाज के सामने लाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कजरी, गायन और नृत्य ने बांधा समां उत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक कजरी गीत, गायन, नृत्य और रैंडम गेम्स सहित विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। प्रतियोगिता में वनिता मंडल की सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विभिन्न चरणों में हुए कड़े मुकाबले के बाद प्रियंका गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘तीज क्वीन’ का खिताब अपने नाम किया। वहीं हर्षिता गुप्ता प्रतियोगिता की रनर-अप रहीं।
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही अहम भूमिका
कार्यक्रम का सफल संचालन वनिता मंडल की उपसचिव श्वेता चौरसिया ने किया। वहीं पूरे आयोजन को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने में मुख्य व्यवस्थापक अनुप्रिया मिश्रा, शिप्रा श्रीवास्तव और आशा जायसवाल का विशेष योगदान रहा। व्यवस्थापक सदस्यों द्वारा कार्यक्रम स्थल की आकर्षक सजावट के साथ-साथ स्वादिष्ट व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वनिता मंडल की अध्यक्षा सुभद्रा यादव ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों एवं व्यवस्थापक टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट - कुम्धज चौधरी
No Previous Comments found.