सोनभद्र में अधिकारियों के CUG नंबर न उठाने का आरो पकिसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी।

सोनभद्र। जनपद में अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है, जबकि जनपद के अधिकारी जनता की शिकायतों और समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रहे हैं।

संदीप मिश्र ने कहा कि जनपद में बैठे अधिकारी कथित तौर पर निरंकुश तरीके से काम कर रहे हैं और उन्हें शासन-प्रशासन का कोई भय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों के CUG नंबर पर आने वाली आम जनता की कॉल तक रिसीव नहीं की जाती, जिससे लोगों को अपनी समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशैली उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। संदीप मिश्र ने यह भी आरोप लगाया कि जनपद के कुछ अधिकारी सोशल मीडिया पर रील बनाकर चर्चा में बने रहने में अधिक रुचि लेते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आम जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता नहीं मिल रही है। मोर्चा संयोजक ने जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिले के कई जनप्रतिनिधि जनसरोकार के मुद्दों की बजाय दलगत राजनीति तक सीमित नजर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायिका और कार्यपालिका दोनों ही जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता की स्थिति में पहुंच गई हैं।

संदीप मिश्र ने प्रशासन से अधिकारियों के CUG नंबरों पर आने वाली जनता की कॉल का जवाब सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों ने CUG नंबर पर जनता की कॉल का जवाब देना शुरू नहीं किया और जनसमस्याओं के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित नहीं हुई, तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा जल्द ही बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। हालांकि, अधिकारियों द्वारा CUG नंबरों पर कॉल रिसीव न करने के आरोपों पर प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


रिपोर्ट- कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.