ओबरा में आस्था के साथ स्वच्छता की अनूठी पहल, पूजा सामग्री संकलन वाहन अभियान का शुभारंभ
सोनभद्र : धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए ओबरा में प्रभु श्री राम सेवा समिति ने एक अनूठी और सराहनीय पहल शुरू की है। समिति की ओर से पूजा सामग्री संकलन वाहन अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। समिति के वरिष्ठ संरक्षक एवं संस्थापक के पूज्य पिता बाबूराम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर सेवा वाहन को रवाना किया। इस अभियान के तहत अब हर रविवार सेवा वाहन ओबरा नगर के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर पहुंचेगा और लोगों से पुरानी एवं निर्माल्य पूजा सामग्री का सम्मानपूर्वक संकलन करेगा। इसमें फूल-पत्ती, पुरानी मूर्तियां, पूजा के वस्त्र, धूप-अगरबत्ती के अवशेष सहित अन्य पूजन सामग्री शामिल होगी। एकत्रित सामग्री का धार्मिक मान्यताओं और पर्यावरणीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए उचित तरीके से निस्तारण किया जाएगा। समिति का कहना है कि पूजा-पाठ के बाद बची पवित्र सामग्री अक्सर अनजाने में कूड़े, नालियों या जलस्रोतों में फेंक दी जाती है। इससे जहां नगर की स्वच्छता प्रभावित होती है, वहीं धार्मिक आस्था से जुड़ी सामग्री के प्रति भी लोगों में चिंता बनी रहती है। इसी समस्या के समाधान के उद्देश्य से समिति ने यह सेवा शुरू की है।
अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए समिति की ओर से लोगों को संदेश दिया जा रहा है—
“सुनो-सुनो, ध्यान से सुनो, सनातन प्रेमियों बात हमारी सुनो।
हर रविवार वाहन आएगा, पूजा सामान लेकर जाएगा।
फूल-पत्ती, मूर्ति या पूजा-वस्त्र, धूप-अगरबत्ती और अन्य सामग्री—
इधर-उधर अब मत फेंकना, सेवा वाहन में सम्मान से देना।
स्वच्छ रहे अपना नगर महान, पूजा सामग्री का रखें सम्मान।”
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संकलित पूजा सामग्री को निर्धारित धार्मिक प्रक्रिया के अनुसार भूमि समाधि/उचित विसर्जन की व्यवस्था के माध्यम से निस्तारित किया जाएगा, ताकि आस्था के साथ पर्यावरण की भी रक्षा हो सके।
इस मौके पर समिति से जुड़े पदाधिकारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे नगर की स्वच्छता और धार्मिक भावनाओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रभु श्री राम सेवा समिति ने ओबरा के नागरिकों, मातृशक्ति और सनातन प्रेमियों से अपील की कि पूजा सामग्री को कूड़े या नालियों में फेंकने के बजाय सेवा वाहन को सौंपें और इस अभियान में सहभागी बनकर स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण हितैषी ओबरा बनाने में सहयोग करें।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.