ओबरा गांधी मैदान में गांधी-शास्त्री जयंती का भव्य आयोजन, स्वच्छता और ऊर्जा संरक्षण का लिया संकल्प

सोनभद्र :  राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर ओबरा ताप विद्युत गृह द्वारा गांधी मैदान, ओबरा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और नगरवासियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजी. दूध नाथ, मुख्य महाप्रबंधक, ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 2 अक्टूबर का दिन देश के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन भारत माता ने सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी तथा सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान सपूतों को जन्म दिया।

उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद करते हुए दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद के विरुद्ध उनके संघर्ष से लेकर चंपारण, खेड़ा और असहयोग आंदोलन, वर्ष 1930 की ऐतिहासिक दांडी यात्रा तथा वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन का उल्लेख किया।

मुख्य महाप्रबंधक ने कहा कि गांधी जी ने चरखा और खादी को केवल वस्त्र तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इन्हें आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन और श्रम की गरिमा का प्रतीक बनाया। उन्होंने गांधी जी के 'जंतर' का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्युत क्षेत्र से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि उसकी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
'जय जवान, जय किसान' ने देश में जगाया आत्मविश्वास
लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उन्होंने कहा कि साधारण परिस्थितियों से निकलकर देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने के बावजूद शास्त्री जी ने जीवनभर सादगी और ईमानदारी को नहीं छोड़ा। वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान उनके द्वारा दिया गया 'जय जवान, जय किसान' का नारा देशवासियों के लिए प्रेरणा और आत्मविश्वास का प्रतीक बना।
स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने का आह्वान

कार्यक्रम के दौरान मुख्य महाप्रबंधक ने स्वच्छता अभियान पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान की इस वर्ष की थीम 'स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत' है। परियोजना में 'सेवा का संकल्प' अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन की आदत बनाने की अपील की। साथ ही कचरे को स्रोत पर ही अलग करने, ऊर्जा संरक्षण करने तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
बीटीपीएस की 200 मेगावाट इकाइयां सुचारु रूप से संचालित
कार्यक्रम के दौरान ओबरा ताप विद्युत गृह की परियोजना स्थिति की भी जानकारी दी गई। मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि बीटीपीएस की 200 मेगावाट की इकाइयां सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।

वहीं सीटीपीएस, ओबरा की इकाइयों में आई अप्रत्याशित तकनीकी समस्याओं को लेकर उन्होंने बताया कि इनके कारणों का पता लगाने और समाधान के लिए अभियंता, तकनीकी कर्मी, संविदा कर्मी तथा सुरक्षा बल के जवान लगातार दिन-रात कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित इकाइयों को अत्यंत शीघ्र पुनः संचालन में लाया जाएगा। बड़ी संख्या में अधिकारी और नगरवासी रहे मौजूद कार्यक्रम में इंजी. निखिल चतुर्वेदी, महाप्रबंधक (प्रशासन), इंजी. ए.के. राय, महाप्रबंधक (सिविल), इंजी. मदन मोहन चतुर्वेदी, महाप्रबंधक (बीटीपीएस), अधीक्षण अभियंता इंजी. राजेश्वर प्रसाद, इंजी. जितेंद्र मिश्रा, इंजी. सुरेश चंद्र मिश्रा, इंजी. सुधांशु यादव, इंजी. संजय पटेल,अखिलेश त्रिपाठी, उप महाप्रबंधक (लेखा), डॉ. पी.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा सदाराम यादव, उप कमांडेंट सीआईएसएफ सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन इंजी. सदानंद यादव, अधिशासी अभियंता एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। अंत में उपस्थित लोगों ने "महात्मा गांधी अमर रहें" और "लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें" के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया। ओबरा ताप विद्युत गृह के इस आयोजन में गांधी और शास्त्री के विचारों को वर्तमान समय से जोड़ते हुए स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, ऊर्जा संरक्षण, श्रम सम्मान और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संदेश दिया गया।


रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.