कुसुमलता त्रिवेद पर्यावरण सम्मान से सम्मानित हुए सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रसाद खरवार

सोनभद्र - ओबरा वनवासियों के बीच रहकर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रसाद खरवार को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए कुसुमलता त्रिवेद पर्यावरण सम्मान से सम्मानित किया गया। ओबरा स्थित स्थानीय समता भवन में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें शाल, अंगवस्त्र, मानपत्र, बर्तन तथा 1100 रुपये की ज्ञानराशि भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में ओबरा के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रमेश सिंह यादव ने रामप्रसाद खरवार को सम्मान प्रदान करते हुए पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जंगल और पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके लिए आगे आना होगा। ऐसे लोगों का सम्मान समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता को बढ़ावा देता है। 

तीन दशक से जंगल बचाने और तैयार करने में जुटे रामप्रसाद

कार्यक्रम में विचार-मंच के संयोजक नरेंद्र नीरव ने बताया कि रामप्रसाद खरवार पिछले करीब तीन दशकों से वन, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता के लिए लगातार सक्रिय हैं। उनके प्रयासों से 10 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में जंगल तैयार हुआ है, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके लंबे और निरंतर संघर्ष को दर्शाता है।   उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और जंगलों की सुरक्षा आज के समय की सबसे बड़ी जरूरतों में शामिल है। रामप्रसाद खरवार ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों के जरिए यह संदेश दिया है कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो तो सीमित संसाधनों के बावजूद पर्यावरण के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

पर्यावरण सुरक्षा और जन-जागरूकता पर हुई चर्चा

सम्मान समारोह के दौरान वन एवं पर्यावरण सुरक्षा तथा जन-जागरूकता के विषय पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में विचार-मंच के कार्यकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने पर जोर दिया। इस अवसर पर विचार-मंच के कार्यकर्ता रहे स्वर्गीय लल्लू दूबे के पुत्र पवन कुमार, शिव कुमार, रामाधार गुप्त, विशंभर खरवार, अजीत गोंड़, कौशल्या देवी, सतरंगी प्रसाद, रामधनी खरवार, बबलू पटेल, संजय यादव और अखिलेश जिज्ञासु सहित अन्य लोग मौजूद रहे। 

समारोह के अंत में सभी लोगों ने अपने-अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार सक्रिय रहने का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि सम्मान का उद्देश्य केवल एक व्यक्ति को सम्मानित करना नहीं, बल्कि समाज में उन प्रयासों को प्रोत्साहित करना है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, जंगल और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने में योगदान दे रहे हैं।

रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.