राम मंदिर प्रांगण में सामाजिक प्रगति परिषद की बैठक

ओबरा : ओबरा में आगामी देव दीपावली महापर्व 2026 को भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में राम मंदिर प्रांगण में सामाजिक प्रगति परिषद ओबरा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 24 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले भव्य देव दीपावली महापर्व की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन की भूमिका, आपसी समन्वय और विभिन्न पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों पर भी  विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान देव दीपावली महापर्व को भव्य स्वरूप देने तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। परिषद के पदाधिकारियों और युवा साथियों ने कार्यक्रम को लेकर उत्साह व्यक्त किया और आयोजन की सफलता के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

आशुतोष सिंह यादव को कार्यक्रम अध्यक्ष और अक्षय पाण्डेय को बनाया गया संयोजक
बैठक में आगामी देव दीपावली महापर्व के सफल आयोजन के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इसमें आशुतोष सिंह यादव को कार्यक्रम अध्यक्ष तथा अक्षय पाण्डेय को कार्यक्रम संयोजक बनाया गया। दोनों को नई जिम्मेदारी मिलने पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं साथियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नवनियुक्त कार्यक्रम अध्यक्ष आशुतोष सिंह यादव और संयोजक अक्षय पाण्डेय का माल्यार्पण कर तथा अंगवस्त्र भेंट करके सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि दोनों के नेतृत्व एवं समन्वय से देव दीपावली महापर्व के आयोजन को भव्यता प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

युवाओं की सहभागिता से भव्य आयोजन की तैयारी।

सामाजिक प्रगति परिषद ओबरा की इस बैठक में संगठन की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता पर विशेष जोर देखने को मिला।परिषद के  पदाधिकारियों एवं युवा साथियों ने आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने की बात कही।
बैठक में संस्था के संस्थापक सुशील मिश्रा संग्राम, पूर्व अध्यक्ष शुभम पटेल, संरक्षक राजू यादव, सभासद संजय कनौजिया, सभासद अजीत कन्नौजिया सहित कई प्रमुख युवा साथी मौजूद रहे। बैठक के माध्यम से आगामी देव दीपावली महापर्व को लेकर संगठन की तैयारियों को दिशा मिली। अब सभी की निगाहें 24 नवंबर को होने वाले इस भव्य आयोजन पर टिकी हैं, जिसे सफल बनाने के लिए सामाजिक प्रगति परिषद ओबरा के पदाधिकारी और साथी जुटे हुए हैं।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.