डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर संगोष्ठी, सपा नेताओं ने किया नमन।
सोनभद्र - उत्तर प्रदेश भारत के महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी की ओर से संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। संगोष्ठी में उनके प्रेरणादायी जीवन, वैज्ञानिक उपलब्धियों, राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा शिक्षा और युवाओं के उत्थान में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष श्री राम निहोर यादव ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम भारत के महान वैज्ञानिक होने के साथ-साथ देश के लोकप्रिय पूर्व राष्ट्रपति भी थे। उन्हें देश में 'मिसाइल मैन' और 'जनता के राष्ट्रपति' के रूप में जाना जाता है। उनका जीवन सादगी, संघर्ष, समर्पण और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' से सम्मानित किया गया था।
यादव ने कहा कि डॉ. कलाम ने अपना संपूर्ण जीवन विज्ञान, रक्षा अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में देश को मजबूत बनाने के लिए समर्पित कर दिया। साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनका मानना था कि देश की वास्तविक ताकत उसके युवा, वैज्ञानिक सोच और शिक्षित समाज में निहित है। उन्होंने हमेशा विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, कठिन परिश्रम करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आगे कहा कि डॉ. कलाम का जीवन गरीबों, वंचितों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उनका व्यक्तित्व यह संदेश देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और शिक्षा के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। देश के विकास के लिए विज्ञान और तकनीक के साथ-साथ शिक्षा को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने भी अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान शिक्षा, तकनीक, युवाओं और प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि नौजवानों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना तथा शिक्षा और विकास के माध्यम से समाज को मजबूत बनाना समाजवादी विचारधारा की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। संगोष्ठी में उपस्थित नेताओं ने डॉ. कलाम के विचारों को आत्मसात करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। डॉ. कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को विज्ञान, शिक्षा, अनुसंधान और राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, जिला महासचिव मोहम्मद शईद कुरैशी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार यादव, सरदार पारब्रह्म सिंह, अनिल प्रधान, फारूक अली, जिलानी, दयाराम मौर्य, कृष्णा पंडित, लल्लू भारती, आनंद पटेल, अभय यादव, सुभाष यादव और रामपति भारती सहित दर्जनों समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश और समाज के विकास के लिए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.