जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा ओबरा, पुष्पवर्षा से हुआ श्रीराम बारात का भव्य स्वागत
ओबरा/सोनभद्र : भगवान श्रीराम के विवाहोत्सव को लेकर बुधवार की देर शाम ओबरा में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रीराम चरित मानस मंदिर समिति के तत्वावधान में रामलीला मैदान से निकली भगवान श्रीराम की भव्य बारात ने पूरे नगर को राममय कर दिया। ढोल-नगाड़ों, जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष और हाथों में रामनाम के ध्वज लिए श्रद्धालु नाचते-गाते बारात में शामिल हुए। जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत के बीच निकली इस शोभायात्रा ने लोगों को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
पुष्पवर्षा कर किया स्वागत, देवस्वरूपों का पूजन-अर्चन
श्रीराम बारात राम मंदिर कॉलोनी से होते हुए सुदामा पाठक चौराहा और चोपन रोड पहुंची। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी के नेतृत्व में महिला मंडल ने बारात पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। रथ पर विराजमान देवस्वरूपों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया गया। इस दौरान समाजसेवी श्याम चंद्र गुप्ता, सभासद अमित गुप्ता, सभासद आनंद जायसवाल, दिनेश सिंह तथा शिक्षा निकेतन दुर्गा पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
नगर के विभिन्न स्थानों पर बारात का स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। चारों ओर गूंजते जय श्रीराम के जयकारों और भक्तिमय माहौल ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
रामलीला मैदान पहुंचते ही भक्तिमय हुआ माहौल
भव्य शोभायात्रा जब रामलीला मैदान के समीप पहुंची तो वहां रामलीला का मंचन देख रहे दर्शक भी श्रद्धा में डूब गए। लोगों ने देवस्वरूपों की आरती उतारी और पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। श्रीराम बारात की भव्यता और आयोजन की व्यवस्था देखकर लोगों ने श्रीराम लीला समिति के सदस्यों की सराहना की। वहीं रामलीला मंच पर लक्ष्मण-परशुराम संवाद के सजीव मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संवाद की प्रभावशाली प्रस्तुति पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। श्रीराम विवाह संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाई गईं।
श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक बना आयोजन
श्रीराम बारात के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द की भी झलक देखने को मिली। बड़ी संख्या में नगरवासियों की सहभागिता ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर ईश्वरी नारायण सिंह, गिरिश नारायण सिंह, संजीत कुमार चौबे, पुष्पराज पाण्डेय, नीलकांत तिवारी, श्रीराम लीला समिति के अध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, कार्यकारी अध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव सुशील सिंह, श्रवण पासवान, रमेश सिंह यादव, महेश जायसवाल, नीलेश मिश्रा, कार्यक्रम संयोजक अरविन्द सोनी, रामदेव मौर्या, संजय सिंह चंदेल, अनुज त्रिपाठी, अभिषेक सेठ, समीर माली, सभासद राकेश पासवान, अनीश सेठ, राजेश्वर प्रसाद, गीतांजलि चौबे, ऊषा शर्मा, ममता श्रीवास्तव, सरिता सिंह, पुष्पा दूबे सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.