राष्ट्रीय एकता के संदेश से गूंजा ओबरा, किड्स केयर स्कूल के बच्चों ने निकाली भव्य रैली

ओबरा/ सोनभद्र :  लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर किड्स केयर इंग्लिश स्कूल, ओबरा की ओर से शनिवार को भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। विद्यालय परिसर से शुरू होकर डिग्री कॉलेज चौराहे तक पहुंची इस रैली में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। देशभक्ति के नारों से गूंजते माहौल में बच्चों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय”, “जय हिंद”, “जय भारत” और “सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें” जैसे नारों से लोगों में देशभक्ति का भाव जागृत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के महान महापुरुषों के योगदान से परिचित कराने के साथ ही उनमें एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन त्याग, साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

विद्यालय के प्रबंधक सत्यपाल सिंह तनेजा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस जैसे आयोजन नई पीढ़ी में देशप्रेम, आपसी सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को महापुरुषों के विचारों और आदर्शों से जोड़ने के साथ ही जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। रैली का नेतृत्व विद्यालय के अध्यापक कुमार सौरभ सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अध्यापक प्रमोद यादव, शुभम निगम, राहुल कुमार, प्रवीण कुमार और मोनू कुमार का विशेष सहयोग रहा।
रैली का समापन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के संकल्प के संदेश के साथ हुआ। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।


रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.