ओबरा पीजी कॉलेज में ‘सोन कल्चरल क्लब’ का भव्य शुभारंभ, विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच
ओबरा - सोनभद्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के तत्वावधान में ‘सोन कल्चरल क्लब’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी सांस्कृतिक प्रतिभाओं को निखारने के साथ भारतीय लोककला, संगीत, नृत्य और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती लक्ष्मी सिंह तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती अनीता पाठक और श्रीमती नीति चौबे की उपस्थिति में हुआ। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार ने की। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सांस्कृतिक गतिविधियों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित होती है। वहीं, अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और उससे जुड़ने का अवसर भी मिलता है।
प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि सोन कल्चरल क्लब की शुरुआत महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न सांस्कृतिक मंचों पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन क्लब की संयोजक डॉ. विभा पांडे ने किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय में नियमित रूप से सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित कराने की प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर डॉ. सुभाष राम, डॉ. विकास सर, डॉ. वैशाली, डॉ. अंजलि सहित अन्य प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सोन कल्चरल क्लब की शुरुआत को विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने और सोनभद्र की स्थानीय लोककलाओं एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.