प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिट इंडिया मुहिम से प्रेरित किड्स केयर इंग्लिश स्कूल की पहल, साइकिल रैली निकालकर विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
ओबरा/सोनभद्र : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से प्रेरित फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत ओबरा स्थित किड्स केयर इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘Sundays on Cycle’ कार्यक्रम के तहत साइकिल रैली निकाली। रैली में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए लोगों को स्वस्थ एवं फिट जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, सक्रिय और अनुशासित रहने के प्रति जागरूक करना तथा नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अमरदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई फिट इंडिया जैसी पहल बच्चों और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का सराहनीय प्रयास है। बचपन से ही बच्चों को खेलकूद, योग, व्यायाम और साइकिलिंग जैसी गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके। वहीं विद्यालय के प्रबंधक सत्यपाल सिंह तनेजा ने कहा कि डिजिटल युग में बच्चों को शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। साइकिल रैली जैसे आयोजन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ बच्चों में आत्मविश्वास और अनुशासन की भावना भी विकसित करते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार गुप्ता की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व पीटीआई शिक्षक एवं राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रमोद यादव ने किया। रैली के सफल आयोजन में शिक्षक कुमार सौरभ सिंह, शुभम निगम, आकाश केसरवानी, जावेद अहमद, जयप्रकाश सिंह तथा शिक्षिकाएं आकांक्षा तिवारी एवं प्रतिमा शुक्ला का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए स्वस्थ, स्वच्छ एवं फिट भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.