भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा में सुखनंदन चौरसिया को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष
ओबरा/सोनभद्र : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों की नई सूची जारी की गई है। इस सूची में सोनभद्र के ओबरा निवासी भाजपा नेता सुखनंदन चौरसिया को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से सोनभद्र सहित पूरे क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अनुमति तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल और भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया की संस्तुति पर ओबीसी मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी इंद्र भूषण मौर्य ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी की है। इसमें सुखनंदन चौरसिया को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
नियुक्ति के बाद सुखनंदन चौरसिया ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। भाजपा की नीतियों, विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर तत्पर रहेंगे। साथ ही पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर भाजपा काशी क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के नेतृत्व में 36 सदस्यीय क्षेत्रीय कार्यसमिति का गठन किया गया है। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी स्थान दिया गया है, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिल सके।
काशी क्षेत्र के 16 संगठनात्मक जिलों में मजबूत होगी संगठन की पकड़
भाजपा काशी क्षेत्र के अंतर्गत कुल 16 संगठनात्मक जिले शामिल हैं। इनमें वाराणसी जिला, वाराणसी महानगर, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर, मछलीशहर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रयागराज महानगर, प्रयागराज यमुनापार, प्रयागराज गंगापार और कौशांबी शामिल हैं।
नई क्षेत्रीय कार्यसमिति इन सभी जिलों में संगठनात्मक कार्यक्रमों को गति देने, पिछड़ा वर्ग समाज के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सुखनंदन चौरसिया की इस नियुक्ति को सोनभद्र के लिए भी संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नई जिम्मेदारी के साथ वह काशी क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने के लिए किस तरह अपनी भूमिका निभाते हैं।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.