मंदिरों के चढ़ावे से बनेगी इको-फ्रेंडली धूपबत्ती, ओबरा में अनूठी पहल

ओबरा - सोनभद्र लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर ओबरा में श्रद्धा, सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल देखने को मिली। प्रभु श्री राम सेवा समिति ने मंदिरों में चढ़ाए जाने वाले फूलों और गोवंश के गोबर से प्राकृतिक एवं इको-फ्रेंडली ‘सियाराम धूपबत्ती’ तैयार करने की पहल शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य मंदिरों से निकलने वाले पुष्प अपशिष्ट का सदुपयोग करने के साथ नदियों और जलस्रोतों को पूजन सामग्री से होने वाले प्रदूषण से बचाना है।

ओबरा स्थित रेणुका नदी छठ घाट पर आयोजित कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी रवि कुमार एवं क्षेत्राधिकारी प्रभात राय ने प्रभु श्री राम सेवा समिति के संस्थापक एवं पत्रकार अजीत सिंह तथा सरिता पटेल के साथ फीता काटकर और रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर ‘सियाराम धूपबत्ती’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान छठ घाट पर पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को निःशुल्क धूपबत्ती वितरित की गई। एसडीएम रवि कुमार, सीओ प्रभात राय, नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी एवं अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने अपने हाथों से श्रद्धालुओं को धूपबत्ती भेंट की। पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी इस पहल को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किए जाने वाले फूल-पत्तों और गोवंश के गोबर के मिश्रण से पारंपरिक एवं प्राकृतिक तरीके से सियाराम धूपबत्ती तैयार की जाती है। अक्सर मंदिरों से निकलने वाली पूजन सामग्री नदियों और जलस्रोतों में विसर्जित कर दी जाती है, जिससे जल प्रदूषण की समस्या बढ़ती है। ऐसे में इस सामग्री का उपयोगी उत्पाद के रूप में इस्तेमाल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल है।

समिति का उद्देश्य इस अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है, ताकि मंदिरों से निकलने वाले पुष्प अपशिष्ट का बेहतर उपयोग हो सके। साथ ही स्थानीय महिलाओं और युवाओं को इस कार्य से जोड़कर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी उपलब्ध कराए जा सकें।

प्रभु श्री राम सेवा समिति के संस्थापक अजीत सिंह एवं अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस मौके पर वरिष्ठ संरक्षक ओम प्रकाश सिंह, विजय शंकर, सत्येंद्र पटेल, सरिता पटेल, संगीता गुप्ता, पुष्पा दुबे, करण जोगले (शीतल प्रसाद निषाद), श्रेयम सरोज, दीपक पटेल, राज जायसवाल, अनिल गुप्ता सहित समिति के तमाम सदस्य एवं ऊर्जांचल के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

छठ महापर्व जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के बीच पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय नागरिकों ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और जलस्रोतों की रक्षा का संकल्प समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.