नौकरी के नाम पर 55 लाख की ठगी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, FCI और रेलवे में भर्ती का देता था झांसा

सोनभद्र :  बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये ऐंठने वाले एक शातिर कथित ठग को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी भारतीय खाद्य निगम (FCI) और रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके लिए बाकायदा फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कराकर अभ्यर्थियों को थमा देता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अब तक उत्तर प्रदेश के 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आई है।  पुलिस ने वांछित अभियुक्त एवं थाना रायपुर के हिस्ट्रीशीटर मनोज कुमार पाण्डेय को शुक्रवार सुबह 7:40 बजे बुढ़िवार पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

8 लाख 14 हजार रुपये लेकर थमा दिया फर्जी नियुक्ति पत्र

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब देवरिया जनपद के ग्राम सिरवनीयां निवासी दयानंद शर्मा ने 26 नवंबर को थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के मुताबिक, रायपुर निवासी मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने उसे भारतीय खाद्य निगम (FCI) में असिस्टेंट AG-III के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में 10 लाख रुपये की मांग की गई।

आरोप है कि पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से कुल 8 लाख 14 हजार रुपये वसूल लिए गए। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से तैयार किए गए फर्जी एडमिट कार्ड और नियुक्ति पत्र थमा दिए गए। दस्तावेजों की सत्यता पर संदेह होने के बाद जब पीड़ित ने शेष 2 लाख रुपये देने से इनकार किया और अपनी रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

खुद को रेलवे डीआरएम का स्टेनो बताकर बिछाता था ठगी का जाल

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त खुद को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर लोगों पर प्रभाव जमाता था। इसके बाद रेलवे और भारतीय खाद्य निगम में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। आरोपी की ठगी का नेटवर्क राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। सोनभद्र के रायपुर और रॉबर्ट्सगंज सहित देवरिया के कुछ लोगों को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है।

हिस्ट्रीशीटर, गुंडा और दुराचारी के रूप में दर्ज है अभियुक्त

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मनोज कुमार पाण्डेय थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर है, जिसका हिस्ट्रीशीट नंबर 36A है। उसके विरुद्ध गुंडा एवं दुराचारी के रूप में भी कार्रवाई दर्ज है। नौकरी के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से रुपये ऐंठने की प्रवृत्ति सामने आई है।

एसपी के निर्देशन में हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रायपुर विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

इस मामले में थाना रायपुर पर मु0अ0सं0 175/2026 के तहत बीएनएस की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 351(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।

पुलिस की जांच में करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद अब इस कथित फर्जी भर्ती नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पीड़ितों की भूमिका की भी जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.