आजादी के दशकों बाद भी सड़क से महरूम मराजीदामर टोला, आनन्द पटेल दयालु ने ग्रामीणों के बीच पहुंच उठाई आवाज
सोनभद्र : आजादी के दशकों बाद भी जिले के कई ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की तस्वीर नहीं बदल सकी है। इसकी एक बानगी रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड कोन अंतर्गत ग्राम पंचायत रोरवा के मराजीदामर टोला में देखने को मिल रही है। यहां के ग्रामीण आज भी मुख्य सड़क से जुड़ने का इंतजार कर रहे हैं। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मंच अपना दल (एस) एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय नवनिर्माण सेना ट्रस्ट आनन्द पटेल दयालु अपनी टीम के साथ मराजीदामर टोला पहुंचे। ग्रामीणों ने उनसे मुलाकात कर टोले को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण कराने की मांग उठाई थी। इस पर उन्होंने गांव पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
दौरे के दौरान आनन्द पटेल दयालु ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर मराजीदामर टोला तक सड़क निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मांग की कि ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का जल्द समाधान करते हुए टोले को मुख्य सड़क से जोड़ा जाए, ताकि लोगों को आवागमन की बुनियादी सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि सड़क केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास की पहली सीढ़ी है। किसी भी गांव या टोले को मुख्यधारा से अलग रखकर समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने ग्रामीणों की परेशानी का जिक्र करते हुए कहा कि सबसे चिंताजनक स्थिति तब पैदा होती है, जब गांव में कोई व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार पड़ जाए। सड़क के अभाव में एंबुलेंस तक टोले में नहीं पहुंच पाती। ऐसे में मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। यह स्थिति किसी भी संवेदनशील व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
आनन्द पटेल दयालु ने स्पष्ट कहा कि मराजीदामर टोले को मुख्य सड़क से जोड़ना केवल ग्रामीणों की मांग नहीं, बल्कि उनके सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य से जुड़ा सवाल है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति और अंतिम बस्ती तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचेंगी। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रमुख रूप से शुक्ला पटेल, महताब आलम (प्रदेश सचिव, अल्पसंख्यक मंच अपना दल एस), संतोष कनौजिया (जिला सचिव), रामफेर मौर्य (वरिष्ठ नेता) सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि जब तक गांव की आखिरी बस्ती तक सड़क नहीं पहुंचेगी, तब तक विकास की बात अधूरी रहेगी। आम आदमी को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही जनहित की वास्तविक प्राथमिकता होनी चाहिए।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.