रोटी की लड़ाई ओबरा में सफाई कर्मियों का सत्याग्रह संग्राम
सोनभद्र : ओबरा तापीय परियोजना सी.टी.पी.एस गेट पर शहीद दिवस के मौके पर कल निष्कासित संविदा सफाई श्रमिकों ने सांकेतिक सत्याग्रह का बिगुल फूंक दिया जाएगा । करीब 3 माह से काम से बाहर किए गए श्रमिक अब अपनी रोजी-रोटी की लड़ाई को निर्णायक मोड़ देने के मूड में नजर आ रहे हैं। भूख और बेरोजगारी से जूझ रहे श्रमिकों का कहना है कि ठेकेदारों की मनमानी ने उन्हें सड़क पर ला खड़ा किया है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि श्रमिक भूख हड़ताल और अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जाने को मजबूर हैं। संघ ने भी मोर्चा संभालते हुए श्रमिकों के समर्थन में शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। साथ ही प्रशासन से साफ मांग रखी है कि टेंडर में तय श्रमशक्ति की जानकारी सार्वजनिक की जाए और सभी खंडों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराया जाए। शहीद दिवस पर शुरू होगा यह आंदोलन अब औद्योगिक क्षेत्र में बड़ा मुद्दा बनता नजर आयेगा। अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी


No Previous Comments found.