वीर लोरिक स्मारक पर AAP ने मनाई गांधी जयंती, सत्य-अहिंसा के रास्ते पर चलने का लिया संकल्प
सोनभद्र : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी सोनभद्र के कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज स्थित वीर लोरिक स्मारक पर पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उनके सत्य, अहिंसा और स्वराज के विचारों को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश और समाज को सत्य, अहिंसा, स्वराज और जनसेवा का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज और राजनीति के लिए प्रासंगिक हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि गांधी जी के सपनों का भारत केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं था, बल्कि वे ऐसे समाज की कल्पना करते थे जहां आम नागरिक को सम्मान, शिक्षा, स्वास्थ्य और न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांधी जी के विचारों से प्रेरणा लेते हुए जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर संघर्ष का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार मुक्त शासन जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार आवाज उठाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को केवल जयंती तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यवहार और जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गांधी जी ने अपने जीवन में सत्य और अहिंसा को संघर्ष का माध्यम बनाया और समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों की आवाज को महत्व दिया। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने की बात कही गई| इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह, जिला महासचिव अनवर अली अंसारी, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार मौर्या, सदर विधानसभा संरक्षक राजेंद्र मौर्या, सक्रिय कार्यकर्ता समीर खान सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में सत्य, अहिंसा, सद्भाव एवं जनसेवा की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : कुम्धज चौधरी

No Previous Comments found.