फरमानों के बोझ तले दबे शिक्षक, पढ़ाई से लेकर जनगणना और SIR तक की जिम्मेदारी

सोनभद्र :  सबसे बड़ा सवाल – शिक्षक बच्चों को पढ़ाएं या विभागीय आदेशों का बोझ उठाएं?

स्कूलों में बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षक आज खुद विभागीय फरमानों के बोझ तले दबते नजर आ रहे हैं। कभी मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR), कभी जनगणना तो कभी ऑनलाइन पोर्टल और विभागीय अभियानों की जिम्मेदारी। हालात ऐसे हैं कि शिक्षकों का अधिकांश समय पढ़ाने के बजाय सरकारी आंकड़े जुटाने, फील्ड में काम करने और ऑनलाइन रिपोर्टिंग में बीत रहा है। दिनभर की भागदौड़ के बाद रात में ऑनलाइन बैठकों और व्हाट्सएप पर लगातार आने वाले निर्देशों ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं। माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद चौबे ने इस व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए चेतावनी दी है कि शिक्षकों पर इसी तरह दबाव बना रहा तो किसी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रमोद चौबे के मुताबिक, वर्तमान में शिक्षकों को SIR के तहत वर्ष 2003 की मतदाता सूची से नामों का सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण और घर-घर जाकर प्रपत्रों से संबंधित कार्य करना पड़ रहा है। वहीं जनगणना की तैयारियों के तहत स्वगणना का कार्य भी निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने का दबाव है। इन जिम्मेदारियों के बीच विद्यालयों में नियमित शिक्षण कार्य प्रभावित होने की चिंता भी सामने आ रही है  


शिक्षकों की जिम्मेदारियां यहीं खत्म नहीं होतीं। यू-डायस, मानव संपदा, प्रेरणा पोर्टल, दीक्षा ऐप, निपुण भारत मिशन, आधार सत्यापन, डीबीटी, छात्रवृत्ति और ऑनलाइन उपस्थिति जैसे दर्जनों कार्य भी उनके जिम्मे हैं। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन, खाद्यान्न का हिसाब, नामांकन अभियान, टीएलएम, विद्यालय प्रबंध समिति और विभिन्न सरकारी योजनाओं की रिपोर्टिंग करनी पड़ती है। वहीं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा, प्रयोगात्मक परीक्षा, मूल्यांकन और पंजीकरण सहित कई अन्य विभागीय दायित्व निभाने होते हैं।

इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा, ईको क्लब, मतदाता जागरूकता, विधिक साक्षरता और महापुरुषों की जयंती जैसे कार्यक्रमों की जिम्मेदारी भी शिक्षकों पर है। लगातार मिलते आदेशों और समय सीमा में काम पूरा करने के दबाव के चलते शिक्षकों को निजी समय में भी विभागीय कार्य निपटाने पड़ रहे हैं।

चौबे ने एक शिक्षिका की व्यथा का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकारियों के सामने समस्याएं रखने पर समाधान के बजाय सार्वजनिक रूप से फटकार सुननी पड़ती है। उन्होंने शिक्षा का अधिकार अधिनियम की धारा 27 का हवाला देते हुए कहा कि शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों में लगाने पर सामान्य प्रतिबंध है, हालांकि जनगणना, चुनाव और आपदा राहत जैसे कार्य इसके अपवाद हैं।

अब सवाल यह है कि जब शिक्षक ही विभागीय आदेशों और आंकड़ों में उलझे रहेंगे तो बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? प्रमोद चौबे ने शासन-प्रशासन से शिक्षकों पर गैर शैक्षणिक कार्यों का बोझ कम करने और शिक्षण व्यवस्था को प्राथमिकता देने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया तो इसके परिणाम चिंताजनक हो सकते हैं।


रिपोर्टर - कुम्धज चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.