सोनिया गांधी की किताब में बड़े खुलासे! इंदिरा गांधी के गुस्से से PM मोदी तक का जिक्र

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' मंगलवार, 10 नवंबर को बाजार में आ गई। हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित 544 पन्नों की इस किताब में सोनिया गांधी ने अपने निजी जीवन, नेहरू-गांधी परिवार, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में अपने सफर से जुड़े कई अनुभव साझा किए हैं। किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों, वैचारिक मतभेदों और यूपीए सरकार के दौरान हुई राजनीतिक घटनाओं का भी जिक्र किया गया है।

सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्वभाव से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए हैं। उन्होंने लिखा कि इंदिरा गांधी को कभी-कभी इतना गुस्सा आता था कि घर और कार्यालय का पूरा स्टाफ सहम जाता था। एक घटना का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि एक कर्मचारी महत्वपूर्ण अपॉइंटमेंट याद दिलाना भूल गया था। इस पर इंदिरा गांधी ने उसे कमरे के एक कोने में खड़े रहने का निर्देश दिया था। एक अन्य घटना में उन्होंने कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता को दीवार की तरफ मुंह करके खड़े देखा था। बाद में पता चला कि इंदिरा गांधी के निर्देश पर वह ऐसा कर रहे थे। 

सोनिया गांधी के मुताबिक, इंदिरा गांधी कई बार नाराज लोगों से कई दिनों तक बातचीत नहीं करती थीं। संसद में विपक्ष के साथ तीखी बहस के बाद एक बार उन्होंने गुस्से में खाने की थाली भी मेज के दूसरी ओर सरका दी थी। इन घटनाओं से सोनिया गांधी घबरा जाती थीं, लेकिन राजीव गांधी उन्हें समझाते थे कि इंदिरा गांधी का गुस्सा जल्द शांत हो जाएगा।

सोनिया गांधी ने 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की ओर से लगाए गए आपातकाल को गलती बताया है। उन्होंने लिखा कि उनका मानना है कि बाद में इंदिरा गांधी को भी इस फैसले पर पछतावा हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर संजय गांधी को नियंत्रित रखा गया होता, तो आपातकाल के बाद हुए काफी नुकसान को रोका जा सकता था। सोनिया गांधी के मुताबिक, दादी बनने के बाद इंदिरा गांधी के स्वभाव में बदलाव आया और उनके गुस्से की घटनाएं भी कम होने लगी थीं।

अपनी किताब में सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने संबंधों और मुलाकातों का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि मोदी को प्रधानमंत्री बने 12 साल से अधिक हो चुके हैं और वह तीसरे कार्यकाल में हैं, लेकिन आज तक उनके साथ कोई वास्तविक बातचीत नहीं हुई।

सोनिया गांधी के मुताबिक, संसद सत्र के अंत में जब विभिन्न दलों के नेता लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में मिलते हैं, तभी उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात होती है। दोनों औपचारिक रूप से एक-दूसरे को नमस्ते करते हैं। उन्होंने लिखा कि यह पहले के राजनीतिक दौर से अलग है, जब अलग-अलग दलों के नेता एक-दूसरे के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते थे। सोनिया गांधी का दावा है कि मोदी उनसे नजरें फेर लेते हैं और आंखें मिलाने से बचते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल से लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ मौकों पर उनकी तबीयत के बारे में पूछा था। इसके अलावा जन्मदिन और नए साल पर औपचारिक शुभकामनाओं का आदान-प्रदान हुआ है।

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने वैचारिक मतभेदों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा कि भारत को लेकर दोनों की सोच बिल्कुल अलग है। उनके मुताबिक, भारत के प्रति उनकी समझ नेहरू-गांधी परिवार के अनुभवों और देश की विभिन्न संस्कृतियों, भाषाओं, धर्मों तथा समानता के सिद्धांतों से विकसित हुई है। वहीं, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक सोच को आरएसएस की विचारधारा और उनके व्यक्तिगत अनुभवों से प्रभावित बताया। सोनिया गांधी ने लिखा कि दोनों अपने-अपने भारत के विचार के लिए लड़ रहे हैं। वह ऐसे भारत की पक्षधर हैं, जो समावेशी हो, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय में विश्वास रखता हो तथा किसी के वर्चस्व को स्वीकार न करे।

सोनिया गांधी ने यूपीए सरकार के दौर की राजनीतिक गतिविधियों पर भी कई बातें साझा की हैं। उन्होंने बताया कि उस समय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार चलाते थे और वह कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर पार्टी की जिम्मेदारी संभालती थीं। दोनों के बीच बेहतर तालमेल के लिए हर सप्ताह एक कोर ग्रुप की बैठक होती थी। इसमें प्रणब मुखर्जी, अर्जुन सिंह, एके एंटनी और अहमद पटेल शामिल होते थे। सोनिया गांधी ने बताया कि वर्ष 2010 में एक बातचीत के दौरान तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम से मतभेदों को लेकर प्रणब मुखर्जी ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है।

सोनिया गांधी के मुताबिक, उन्हें प्रणब मुखर्जी की इस बात से लगा कि वह प्रधानमंत्री बनने की अपनी लंबे समय से चली आ रही इच्छा का संकेत दे रहे हैं। हालांकि, उन्होंने बातचीत का विषय बदल दिया। बाद में वर्ष 2012 में कांग्रेस ने प्रणब मुखर्जी को यूपीए की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया और वह देश के राष्ट्रपति चुने गए।

सोनिया गांधी की आत्मकथा सामने आने के बाद बीजेपी ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किताब की आलोचना करते हुए कहा कि इसका नाम 'Belonging' की जगह 'Whitewashing' होना चाहिए था।

उन्होंने आरोप लगाया कि किताब के जरिए नेहरू-गांधी परिवार की ऐतिहासिक गलतियों को सही ठहराने और कांग्रेस के कार्यकाल से जुड़े गंभीर मुद्दों पर पर्दा डालने की कोशिश की गई है। केसवन ने 1984 के सिख विरोधी दंगों, बाटला हाउस मामले और 26/11 मुंबई आतंकी हमले का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी से सवाल किए। उन्होंने आपातकाल को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि किताब में उस दौर की गंभीर घटनाओं को उचित ठहराने का प्रयास किया गया है।

फिलहाल सोनिया गांधी की आत्मकथा के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस छिड़ गई है। इंदिरा गांधी के निजी स्वभाव से लेकर आपातकाल, प्रधानमंत्री मोदी और यूपीए सरकार के अंदरूनी घटनाक्रम तक, किताब के कई प्रसंग चर्चा का विषय बने हुए हैं

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.