2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए सपा प्रमुख ने किया बड़ा ऐलान...
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने 2 साल बाद होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा ऐलान किया है। रविवार को यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्षी ‘INDIA’ गठबंधन जारी रहेगा। इसका मतलब कि यूपी में सपा और कांग्रेस का साथ बना रहेगा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह वक्फ (संशोधन) कानून के जरिए माफिया की तरह जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे है।
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में "पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) राज्य से भाजपा को उखाड़ फेंकेगा।" उन्होंने कहा, "भाजपा वक्फ संशोधन कानून लेकर आई है ताकि वह जमीन छीन सके। जहां भी उन्हें जमीन दिखती है, वे उस पर कब्जा कर लेते हैं।" उन्होंने भाजपा को "भू-माफिया पार्टी" करार दिया। यादव ने सत्तारूढ़ पार्टी पर नोटबंदी और जीएसटी के जरिए लोगों का पैसा छीनने और आरक्षण के अधिकार को कम करने का आरोप लगाया।
यादव ने प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन के संबंध में भाजपा की कार्यप्रणाली की भी आलोचना की तथा वादा किया कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो "कुप्रबंधन" की जांच कराई जाएगी। सपा प्रमुख ने दावा किया कि सरकार ने घटना के दौरान हताहतों की संख्या और वित्तीय लाभ के बारे में गलत आंकड़े दिए, और आरोप लगाया कि जनवरी में भगदड़ के दौरान ड्रोन और सीसीटीवी निगरानी विफल रही।
सपा प्रमुख यादव ने दावा किया, भगदड़ के समय ड्रोन और सीसीटीवी की सबसे अधिक जरूरत थी, उस समय ये या तो बंद थे या बंद करा दिए गए थे। इन्होंने संगम नोज पर भगदड़ में मारे गए लोगों की सही संख्या नहीं बताई और मृत्यु के कारण बदलने के लिए परिजनों पर दबाव बनाया।
सपा प्रमुख ने संवाददाता सम्मेलन में प्रयागराज महाकुंभ 2025 को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर स्वयं द्वारा दिए गए सुझावों को एक पुस्तिका के रूप में तब्दील कर पत्रकारों को उपलब्ध कराया। साथ ही उन्होंने 2013 में हुए प्रयागराज कुंभ मेले को लेकर हावर्ड विश्वविद्यालय द्वारा किए गए अध्ययन की रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई।
2024 लोकसभा सभा चुनावों में ‘INDIA’ गठबंधन ने किया था बड़ा उलट-फेर -
2024 लोकसभा सभा चुनावों में समाजवादी पार्टी ने कुल 37 सीटों पर जीत हासिल की थी. वहीं बीजेपी 33 सीट जीतकर दूसरे स्थान पर थी. लोकसभा चुनाव में बीजेपी को जबरदस्त नुकसान हुआ था. बीजेपी को 29 सीटों का नुकसान हुआ. वहीं कांग्रेस ने 6 सीट जीती थी. उसे 5 सीट का फायदा हुआ.
No Previous Comments found.