26 सीटों के ऑफर पर कांग्रेस की नाराजगी, सपा नेता मनीष अग्रवाल का पलटवार
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ती नजर आ रही है। दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बातचीत अभी जारी है, लेकिन नेताओं की बयानबाजी ने गठबंधन की सियासत को गरमा दिया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की नाराजगी के बाद अब समाजवादी पार्टी के नेता मनीष जगन अग्रवाल ने उन पर निशाना साधा है। मनीष ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन और सीटों की मांग पर सवाल उठाए हैं।
समाजवादी पार्टी के गोवा प्रभारी और व्यापार सभा के अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने फेसबुक पोस्ट में इमरान मसूद के बयान देने के तरीके पर नाराजगी जताई। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “घी हजम नहीं हुआ। सुबह होते ही ये आदमी मीडिया बुलाकर बकवास करना शुरू कर देता है।” मनीष अग्रवाल ने सवाल उठाया कि कांग्रेस का कोई नेता इमरान मसूद को उनके बयान देने के तरीके पर क्यों नहीं टोकता। उन्होंने कांग्रेस के चुनाव चिह्न हाथ के पंजे पर जनता के वोट नहीं मिलने का दावा भी किया।
मनीष अग्रवाल ने सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस उन सीटों की मांग कर रही है, जहां समाजवादी पार्टी को लाखों वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस का प्रदर्शन हजार या दो हजार वोटों तक सीमित रहा था।
उन्होंने सवाल किया कि जब कांग्रेस इन सीटों पर इतने कम वोट हासिल कर पाई, तो वह समाजवादी पार्टी के लाखों वोटों के अंतर को कैसे पूरा करेगी। मनीष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं की प्राथमिकता बीजेपी को हराने के बजाय अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं पूरी करना है। उनके मुताबिक, कुछ नेता गठबंधन की रणनीति से ज्यादा सीट और टिकट हासिल करने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इस विवाद पर समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आजतक से बातचीत में कहा कि इमरान मसूद के बयान पर कांग्रेस के नेताओं को विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के कई नेता लगातार बयान दे रहे हैं, लेकिन गठबंधन को लेकर बातचीत दोनों पार्टियों का नेतृत्व कर रहा है।
उदयवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी ने जिन सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं, वे उसकी मौजूदा सीटें हैं। पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर अच्छे अंतर से जीत हासिल की थी। ऐसे में इन सीटों को लेकर विवाद खड़ा करने का कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सीटों की घोषणा और गठबंधन की बातचीत साथ-साथ चलती रही थी। इसलिए कांग्रेस नेताओं को उतावलापन दिखाने की जरूरत नहीं है। दरअसल, यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा अभी तय नहीं हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, सीट शेयरिंग को लेकर हुई बैठक में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को करीब 130 सीटों की सूची सौंपी थी। वहीं, सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है।
इसी बीच समाजवादी पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। इनमें सहारनपुर जिले की बेहट और सहारनपुर सीट भी शामिल हैं। इन दोनों सीटों पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद अपनी पार्टी की दावेदारी जता रहे थे। इसी वजह से वह सपा के फैसले से नाराज बताए जा रहे हैं। इमरान मसूद ने कहा था कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी से भीख नहीं मांग रही है। दोनों दलों के बीच बढ़ती बयानबाजी के बीच राजेंद्र पाल गौतम ने सपा और कांग्रेस के नेताओं से आपसी मतभेद दूर करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नेताओं को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और उत्तर प्रदेश की जनता की उम्मीदों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने बीजेपी को हराने के लक्ष्य के लिए दोनों दलों से आपसी तालमेल के साथ आगे बढ़ने की बात कही।
फिलहाल, यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। लेकिन नेताओं के लगातार सामने आ रहे बयान यह संकेत दे रहे हैं कि गठबंधन की राह में सीटों की दावेदारी और आपसी तालमेल बड़ी चुनौती बने हुए हैं।

No Previous Comments found.