श्रावस्ती में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज, 917 मतदान केंद्रों पर लगे शिविर

श्रावस्ती :  मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे पात्र नागरिकों एवं युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद श्रावस्ती में विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को जिला निर्वाचन अधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय शाहपुर कठौतिया, प्राथमिक विद्यालय लेंगड़ी गूलर, प्राथमिक विद्यालय हरिहरपुर, जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय बहोरवा सहित संबंधित बूथों पर चल रही गतिविधियों का जायजा लिया।
917 मतदान केंद्रों पर आयोजित हुए विशेष शिविर जनपद के कुल 917 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरकर आवेदन करने की सुविधा प्रदान की गई। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। 24 अक्टूबर को फिर लगेगा विशेष शिविर निर्वाचन विभाग की ओर से आगामी 24 अक्टूबर 2026 को भी विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से छूटे हुए पात्र नागरिकों और नए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने की अपील जिला निर्वाचन अधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरकर आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी पात्र नागरिक समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

रिपोर्टर : सर्वेश कुमार मिश्रा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.