श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से हराया, टी-20 विश्व कप में लगातार दूसरी जीत-
श्रीलंका ने ओमान को 105 रन से हराया, टी-20 विश्व कप में लगातार दूसरी जीत-
आईसीसी मेंस टी-20 विश्व कप के 16वें मुकाबले में श्रीलंका ने ओमान को 105 रनों से करारी शिकस्त देकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। ओमान के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम के लिए भारी साबित हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 5 विकेट के नुकसान पर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 15 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिर गया। इसके बाद कुसल मेंडिस (23) और पवन रत्नाएके (60) ने तीसरे विकेट के लिए 94 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। मध्यक्रम ने आक्रामक रुख अपनाते हुए रनगति को तेज रखा। अंत में कप्तान दासुन शनाका ने महज 19 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ दिया। उनकी इस विस्फोटक पारी ने श्रीलंका को 225 के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। ओमान की ओर से रामानंदी ने 2 विकेट, जबकि जय ओडेडरा और सुफियान महमूद ने 1-1 विकेट लिया।
226 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम की शुरुआत खराब रही और 36 रन पर तीन विकेट गिर गए। मुहम्मद नदीम (53) और वसीम अली ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 120 रन पर सिमट गई। इस तरह श्रीलंका ने 105 रन से मैच अपने नाम किया, जो इस विश्व कप में रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
इस जीत के साथ श्रीलंका ने कई रिकॉर्ड भी बनाए। टी-20 विश्व कप में 200+ स्कोर बनाने के मामले में उसने भारत और वेस्टइंडीज की बराबरी कर ली। वहीं, 100+ रन से जीत के मामले में श्रीलंका अब वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। दासुन शनाका ने 19 गेंदों में अर्धशतक जड़कर श्रीलंका के लिए सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड बनाया और बतौर कप्तान रोहित शर्मा की बराबरी भी की। पवन रत्नाएके को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


No Previous Comments found.