अयोध्या: श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, मेदांता लखनऊ रेफर-
अयोध्या: श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, मेदांता लखनऊ रेफर-
अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत में सुधार न होने के कारण उन्हें बुधवार को दिन में मेदांता लखनऊ रेफर किया गया। 87 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास बीते 36 घंटे से कुछ भी नहीं खा रहे हैं।
अयोध्या के श्रीराम अस्पताल के सेवानिवृत्त चिकित्सक एसके पाठक ने उनकी प्रारंभिक जांच की। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल भेजा गया, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी विस्तृत जांच और इलाज करेगी। चिकित्सकों ने कहा है कि फिलहाल उन्हें निगरानी में रखना अत्यंत आवश्यक है।
महंत नृत्य गोपाल दास को उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद लगातार कमजोरी महसूस हो रही थी। उनकी देखरेख कर रहे चिकित्सक उन्हें अन्न ग्रहण न कर पाने के कारण निरंतर निगरानी में रखने की सलाह दे रहे थे। उनके उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास उन्हें लेकर लखनऊ के लिए रवाना हुए।
महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य बिगड़ने की खबर से संत समाज, रामभक्त और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। देशभर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थनाएँ की जा रही हैं। ट्रस्ट प्रशासन भी लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है और स्थिति की जानकारी ले रहा है।
महंत नृत्य गोपाल दास अयोध्या के सबसे बड़े मंदिर राम जन्मभूमि न्यास और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के प्रमुख हैं। वे अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए गठित संस्थान के साथ-साथ श्री कृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के भी प्रमुख हैं। उनकी देखभाल और उपचार पर विशेषज्ञों की नजर बनी हुई है और उनके स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।


No Previous Comments found.