Hormuz Strait में कोहराम: ईरानी गनबोट्स ने 3 जहाजों पर दागे रॉकेट!

मिडिल-ईस्ट में जारी अस्थिरता के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास तीन कमर्शियल जहाजों पर गोलीबारी की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, इन हमलों के पीछे ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की गनबोट्स का हाथ होने का अंदेशा जताया जा रहा है।

यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, ओमान के उत्तर-पूर्व में स्थित समुद्री मार्ग पर लाइबेरिया का झंडा लगे एक कंटेनर जहाज को निशाना बनाया गया। जहाज पर रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) और छोटी बंदूकों से फायरिंग की गई। हमले में जहाज के 'ब्रिज' (कंट्रोल रूम) को नुकसान पहुँचा है। जहाज के कैप्टन ने बताया कि हमला करने वाली IRGC की गनबोट पर तीन लोग सवार थे, जो बिना किसी रेडियो संपर्क या चेतावनी के जहाज के बेहद करीब आ गए थे।

ग्रीक-संचालित एक अन्य कंटेनर जहाज़ के कैप्टन ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि हमले से पहले कोई रेडियो सिग्नल नहीं दिया गया था। शुरुआती तौर पर जहाज को होर्मुज़ स्ट्रेट से शांतिपूर्वक गुज़रने की अनुमति दी गई थी, लेकिन अचानक गनबोट ने पास आकर फायरिंग शुरू कर दी। राहत की बात यह है कि इन हमलों के बावजूद: किसी भी चालक दल (Crew) के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
सभी जहाजों पर सवार सदस्य सुरक्षित हैं। जहाजों में आग लगने या तेल रिसाव जैसी पर्यावरणीय क्षति की कोई खबर नहीं मिली है।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक है। इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि मिडिल-ईस्ट की वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति के कारण यह मार्ग अब "हाई-रिस्क जोन" बनता जा रहा है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.