पाल में बालेन सरकार को बड़ा झटका, गृहमंत्री सुदन गुरुंग का इस्तीफा
प्रधानमंत्री बालेन शाह के सबसे करीबी माने जाने वाले गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने भारी विवादों के बाद अपना इस्तीफा पीएम को सौंप दिया है। गुरुंग पर पद का दुरुपयोग कर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे संगीन आरोप लगे हैं। इसके अलावा, उन पर एक विवादित कारोबारी की कंपनियों के शेयर खरीदने के भी आरोप हैं, जिसने उनकी छवि को बुरी तरह प्रभावित किया।
दिलचस्प बात यह है कि सुदन गुरुंग को बालेन शाह ने सरकार गठन के पहले ही दिन गृह मंत्रालय जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। कार्यकाल की शुरुआत में उच्चाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई कर सुर्खियां बटोरने वाले गुरुंग अंततः खुद भ्रष्टाचार के आरोपों के केंद्र में आ गए।
नेपाल के चर्चित नेता बालेन शाह को सत्ता संभाले अभी एक महीना भी नहीं हुआ है, लेकिन उनकी सरकार के खिलाफ विरोध की लहर तेज हो गई है। राजधानी काठमांडू समेत देश के कई प्रमुख शहरों में छात्र संगठन, राजनीतिक दल और आम नागरिक सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों ने सरकार की "क्लीन इमेज" पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेपाल सरकार ने भारत से आने वाले सामानों पर कस्टम ड्यूटी (सीमा शुल्क) बढ़ा दी है। अब 100 रुपये से अधिक की कीमत वाले हर सामान पर शुल्क देना अनिवार्य कर दिया गया है। कस्टम ड्यूटी में इस बदलाव के कारण सीमावर्ती इलाकों और शहरों में रोजमर्रा के सामान की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।
गृहमंत्री का इस्तीफा और बढ़ता सार्वजनिक विरोध प्रधानमंत्री बालेन शाह के लिए बड़ी चुनौती पेश कर रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली सरकार अब खुद अपनों के ही विवादों में घिरी नजर आ रही है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या बालेन शाह नई नियुक्तियों के जरिए जनता का भरोसा जीत पाते हैं या विरोध प्रदर्शन और उग्र रूप धारण करेंगे।


No Previous Comments found.