पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय,पेंटा में ‘प्रेरणा उत्सव’ का आयोजन

सुकमा - पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पेंटा, सुकमा-1 में शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ‘प्रेरणा: एक अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम’ के तहत ‘प्रेरणा उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रीय मूल्यों का विकास करना रहा। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य  संजय मंडल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में कोंटा विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी श्रीनिवास राव उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा में अनुशासन एवं परिश्रम के महत्व पर बल दिया तथा कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रेरणा कार्यक्रम के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अनुभवात्मक शिक्षण, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी वरिष्ठ शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य संजय मंडल ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा जानकारी दी कि आगामी चरण में 14 फरवरी 2026 (शनिवार) को पीएम श्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा-2 में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में कक्षा 8वीं से 11वीं तक के पंजीकृत विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एवं महिला बाल विकास अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।

रिपोर्टर - चन्द्र शेखर साहू

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.