संगठन की असली ताकत होती है सदस्य की संख्या — रवीन्द्र त्रिपाठी
सुल्तानपुर : भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा मंगलवार को नगर क्षेत्र में सदस्यता वृद्धि अभियान चलाया गया। महिला नगर अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रहरि की अध्यक्षता और प्रदेश महामंत्री रवीन्द्र त्रिपाठी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस अभियान में दर्जनों नए व्यापारी व उद्यमियों को सदस्यता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
अभियान की शुरुआत करते हुए प्रदेश महामंत्री रवीन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि जैसे किसी परिवार में नए सदस्य के जन्म पर खुशियां मनाई जाती हैं, उसी प्रकार नए उद्योग और व्यापार स्थापित होने पर संगठन में उत्साह का संचार होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसके सदस्यों की संख्या से मापी जाती है। लोकतंत्र में अधिक सदस्यता वाले संगठन की आवाज अधिक प्रभावशाली होती है।
उन्होंने जिले में व्यापारी समुदाय को संगठित करने और अधिक से अधिक नए सदस्यों को जोड़ने का आह्वान किया। श्री त्रिपाठी ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए संगठनात्मक एकजुटता अत्यंत आवश्यक है।
प्रदेश की कानून-व्यवस्था, सुचारू विद्युत आपूर्ति और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन सकारात्मक परिस्थितियों के चलते नए निवेश बढ़ रहे हैं, जिसके लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार द्वारा जीएसटी सुधार एवं दरों में कटौती जैसे निर्णयों से व्यापार जगत को नई ऊर्जा मिली है।
प्रदेश महामंत्री ने व्यापारी नेताओं से अपील की कि वे व्यापारियों की समस्याओं को पहचानें और उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएँ। साथ ही यह चेतावनी भी दी कि यदि कोई अधिकारी व्यापारी हितों के विरुद्ध कार्य करेगा तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगा।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र कसौधन, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, महिला नगर अध्यक्ष पूनम अग्रहरि, संदीप अग्रहरि, रमेश वर्मा सहित अन्य व्यापारी नेता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.