सुल्तानपुर में पारिवारिक रिश्तों का खून, देवर ने भाभी को डंडे से पीटकर मार डाला
सुल्तानपुर : जनपद के चांदा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मदनपुर देवरार गांव में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद देवर ने अपनी ही भाभी पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, मदनपुर देवरार गांव निवासी 18 वर्षीय राजा निषाद पुत्र सीताराम निषाद ने अपनी भाभी नीलम निषाद (20 वर्ष), पत्नी मनोज निषाद, पर अचानक हमला कर दिया। परिजनों का कहना है कि युवक ने बिना किसी ठोस कारण के अचानक डंडा उठाकर भाभी पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल नीलम निषाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर चांदा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक चांदा अमित मिश्रा ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.