नवनियुक्त एसपी चारू निगम ने संभाला कार्यभार

सुल्तानपुर - जनपद की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) चारू निगम ने शुक्रवार को कार्यभार ग्रहण करते ही अपने सख्त और सक्रिय प्रशासनिक तेवर दिखा दिए। कार्यभार संभालने के बाद उसी दिन पुलिस लाइन्स स्थित परेड ग्राउंड पर आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी लेकर उन्होंने पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता और शारीरिक दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का स्पष्ट संदेश दिया। परेड के दौरान एसपी चारू निगम ने परेड का सूक्ष्म एवं गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट, शस्त्रों की स्थिति, साफ-सफाई और रख-रखाव की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि अनुशासन ही पुलिस बल की रीढ़ है, और इसी के बल पर कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। एसपी ने टोलीवार ड्रिल का निरीक्षण करते हुए जवानों की शारीरिक क्षमता, तालमेल और प्रशिक्षण स्तर को परखा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उन्होंने अन्य जवानों को भी उच्च स्तर का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं परेड के दौरान पाई गई कमियों पर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए उन्हें शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने को कहा। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन्स परिसर का भ्रमण कर विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने फील्ड यूनिट को किसी भी आपराधिक घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया (रिस्पॉन्स टाइम) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घटनास्थल पर वैज्ञानिक ढंग से साक्ष्य एकत्र करने पर जोर देते हुए फोरेंसिक एविडेंस के लिए आधुनिक उपकरणों के उपयोग और उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। मानव तस्करी जैसे संवेदनशील अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसपी चारू निगम ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को विशेष सतर्कता बरतने और ऐसे मामलों में प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की सुरक्षा और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जवानों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने पुलिस मैस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्था की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जवानों को पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान एसपी चारू निगम ने कहा कि अनुशासित, संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित पुलिस बल ही जनता का विश्वास जीत सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को सुरक्षा का भरोसा देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी

संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.