सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सीधे सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए सख़्त निर्देश

सुल्तानपुर :शासन के निर्देशों के अनुपालन में माह फरवरी के प्रथम शनिवार को तहसील कादीपुर सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी कुमार हर्ष, पुलिस अधीक्षक चारु निगम एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने प्रत्येक फरियाद पर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कानून-व्यवस्था, भूमि विवाद एवं सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए आमजन को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और न्याय के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रिपोर्टर : वाजिद हुसैन

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.