देवार घाट सेतु निर्माण में आई तेजी, जिलाधिकारी ने किया व्यापक निरीक्षण
सुल्तानपुर : जनपद सुलतानपुर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी एवं जनोपयोगी अधोसंरचना परियोजना के अंतर्गत गोमती नदी पर निर्माणाधीन देवार घाट सेतु एवं उसके पहुंच मार्ग का जिलाधिकारी श्री कुमार हर्ष ने मुख्य विकास अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह के साथ विस्तृत एवं गहन स्थलीय निरीक्षण किया। यह परियोजना अकबरपुर–कादीपुर–चाँदा–पट्टी–देल्हूपुर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-128) को सुचारू एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है, जिससे क्षेत्रीय जनता को आवागमन में उल्लेखनीय सुविधा प्राप्त होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेतु के पहुंच मार्ग, सुरक्षात्मक कार्यों, रिटेनिंग वॉल, एप्रोच स्लैब सहित निर्माण के प्रत्येक पहलू का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के अधिकारियों से निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण एवं समयसीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
अधिशासी अभियंता, सेतु निगम द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि सेतु के पहुंच मार्ग के सेतु भाग का कार्य अब तक कुल 100 प्रतिशत के सापेक्ष लगभग 52 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। निर्माण कार्य संतोषजनक गति से प्रगति पर है तथा शेष कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत लगभग 400 मीटर लंबे पहुंच मार्ग का निर्माण प्रस्तावित है। सेतु एवं पहुंच मार्ग निर्माण की कुल स्वीकृत लागत ₹2886.60 लाख है। कार्य की शुरुआत मार्च 2024 में हुई है तथा कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि मार्च 2027 है।
भूमि अधिग्रहण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया कि आवश्यक भूमि का चिन्हांकन कर लिया गया है तथा अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर प्रचलित है। इस पर जिलाधिकारी महोदय ने कादीपुर के उप जिलाधिकारी श्री उत्तम तिवारी एवं संबंधित तहसीलदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाहियों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूर्ण कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण में अनावश्यक विलंब जनहित की परियोजना को प्रभावित करता है, जिसे किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा निर्माण में प्रयुक्त सीमेंट, सरिया, बालू, गिट्टी सहित अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता की स्वयं जांच की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया कि समय-समय पर थर्ड पार्टी एजेंसी के माध्यम से निर्माण सामग्री एवं कार्य गुणवत्ता का परीक्षण कराया जाए तथा उसकी रिपोर्ट नियमित रूप से जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। इस अवसर पर सेतु निगम के एक्सईएन द्वारा थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गई।
अधिशासी अभियंता सेतु निगम ने जानकारी दी कि सेतु के सब-स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वहीं सुपर-स्ट्रक्चर के अंतर्गत कुल 18 बीम में से 08 बीम एवं 01 डेक स्लैब का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष बीम एवं डेक स्लैब का कार्य चरणबद्ध तरीके से प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सेतु निर्माण में तकनीकी मानकों, सुरक्षा नियमों एवं गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।
जिलाधिकारी श्री कुमार हर्ष ने निरीक्षण के दौरान कहा कि देवार घाट सेतु के निर्माण से अकबरपुर, कादीपुर, चाँदा, पट्टी एवं देल्हूपुर क्षेत्र की जनता को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आपसी समन्वय बनाकर परियोजना को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, सेतु निगम के अभियंता एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी


No Previous Comments found.