उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत पुलिस अधीक्षक चारू निगम से की शिष्टाचार भेंट, व्यापारिक सुरक्षा व अनुशासन पर हुई विस्तृत चर्चा
सुल्तानपुर : जिले में व्यापारिक गतिविधियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिला अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में सुल्तानपुर की नवागत पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिष्टाचार भेंट हेतु पहुंचा। इस अवसर पर व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच व्यापारिक हितों, कानून-व्यवस्था और आपसी समन्वय को लेकर सार्थक संवाद हुआ।
व्यापारिक सुरक्षा को लेकर रखी गईं प्रमुख मांगें
भेंट के दौरान व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने जिले के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, नियमित पुलिस गश्त, अतिक्रमण की समस्या, चोरी एवं आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, त्योहारों के समय अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से अपने विचार एवं सुझाव पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखे। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने दिया आश्वासन
नवागत पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जिले में अनुशासन, कानून-व्यवस्था और व्यापारिक सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान करेगा और बाजार क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण सुनिश्चित करेगा।
सम्मान स्वरूप भेंट किया स्मृति-चिह्न
इस अवसर पर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों द्वारा नवागत पुलिस अधीक्षक को स्मृति-चिह्न/अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया गया। व्यापारियों ने उनके कार्यकाल को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई और पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पुलिस अधीक्षक ने इस आत्मीय सम्मान के लिए व्यापार मंडल का आभार व्यक्त किया।
कई प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित
भेंट के दौरान जिला उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, सुल्तानपुर नगर अध्यक्ष आनंद पाण्डेय, मनीष सिंह, हरजीत सिंह, अजीत वर्मा, जिला उपाध्यक्ष एजाज अहमद, जिला महामंत्री जुबेर अहमद, दिनेश मिश्र, कृष्ण चंद्र बरनवाल जिला युवा अध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल बृजेश वर्मा सहित अनेक सम्मानित व्यापारी उपस्थित रहे।
साथ ही उद्योग व्यापार मंडल दोस्तपुर नगर अध्यक्ष दिनेश सिंह अग्निवंशी भी अपने सहयोगियों के साथ मौजूद रहे।
सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई भेंट
पूरी भेंट सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। व्यापारियों ने विश्वास जताया कि नवागत पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में व्यापारिक गतिविधियां और अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित होंगी
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी


No Previous Comments found.