टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला कारागार सुल्तानपुर में व्यापक स्वास्थ्य जांच शिविर, 70 बंदियों का एक्स-रे परीक्षण
सुल्तानपुर : जिला कारागार सुल्तानपुर में मंगलवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत एक व्यापक निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम निदेशक, राष्ट्रीय कार्यक्रम चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य भवन लखनऊ के निर्देश पर तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण के निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिविर का उद्देश्य कारागार में निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य की समुचित जांच कर क्षय रोग (टीबी) सहित अन्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करना तथा उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के दौरान बंदियों को टीबी के लक्षण, संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय और नियमित उपचार की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य शिविर में टीबी जांच के साथ-साथ स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, मुख कैंसर, मधुमेह (डायबिटीज) एवं उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) की भी जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बंदियों की स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक प्रांजल अरविंद, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आर.के. कनौजिया, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लाल जी, जेलर ओम प्रकाश पांडेय, उप जेलर विवेक प्रकाश, डॉ. कुंवर आकाश सिंह, जेल फार्मासिस्ट आनंद मोहन मिश्रा, टीबी क्लीनिक के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक सुरेश कुमार एवं नाज़नीन, लैब टेक्नीशियन रणवीर यादव व जुबेर शहजाद तथा एनसीडी क्लीनिक के डॉ. इमरान युसूफ, विकास पांडे (एलटी), सुमन मिश्रा (स्टाफ नर्स) एवं पूजा श्रीवास्तव (काउंसलर) सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय उपस्थिति रही।
डॉ. ए. नाज़नीन द्वारा हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से 70 बंदियों के सीने का एक्स-रे कर परीक्षण किया गया। जिन मामलों में टीबी या अन्य रोगों की आशंका पाई गई, उनके लिए आगे की जांच एवं उपचार की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि कारागारों में इस प्रकार के नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर बंदियों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है, ताकि संक्रामक रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और टीबी मुक्त समाज की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाया जा सके।
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी


No Previous Comments found.