11 वर्षीय मासूम की हत्या से सनसनी

धम्मौर : धम्मौर थाना क्षेत्र के हाजी पट्टी रामापुर गांव में 11 वर्षीय विवेक चौहान की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभ में आत्महत्या प्रतीत हो रहे इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

शुक्रवार शाम विवेक का शव घर के पास स्थित एक छप्पर में बांस की बल्ली से लटका मिला था। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक के दादा राम अभिलाख के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे विवेक की मां बाजार गई थीं। घर पर विवेक और उसका छोटा भाई मौजूद थे। शाम करीब सात बजे बिजली चले जाने पर छोटा भाई अंधेरे के डर से घर के अंदर चला गया, जबकि विवेक बाहर बैठकर मां का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक घटना घटित हुई। विवेक पास के एक निजी विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। सूचना मिलते ही उसके पिता अरुण, जो कुवैत में कार्यरत हैं, घर लौट आए हैं।
पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
क्षेत्राधिकारी सौरभ सामंत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। मृतक की जेब से सरसों के बीज भी बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या खेत में की गई और बाद में शव को छप्पर में लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि घटना के समय तीन लोग खेत के आसपास देखे गए थे। पुलिस ने शनिवार सुबह तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए तीनों व्यक्ति गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक मृतक की बिरादरी का बताया जा रहा है।
सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। कुकर्म के प्रयास, आपसी रंजिश, अवैध संबंध सहित अन्य व्यक्तिगत कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। अधिकारियों का दावा है कि मामले का खुलासा जल्द किया जाएगा।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पूरे क्षेत्र में इस हृदयविदारक घटना को लेकर शोक की लहर है।

संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.