साप्ताहिक शुक्रवार परेड में पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने परखी पुलिस बल की कार्यप्रणाली
सुलतानपुर - जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल में अनुशासन व शारीरिक दक्षता को बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन्स सुलतानपुर में साप्ताहिक शुक्रवार परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम ने परेड ग्राउंड पहुंचकर सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट, शस्त्रों के रख-रखाव तथा अनुशासन की गहन समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने टोलीवार ड्रिल का अवलोकन करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों का उत्साहवर्धन किया, वहीं कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन्स परिसर स्थित विभिन्न इकाइयों का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन और रिस्पॉन्स टाइम को बेहतर बनाने के उद्देश्य से फील्ड यूनिट को अत्याधुनिक उपकरणों के साथ सदैव तैयार रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को मानव तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए गए। जवानों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक ने मैस में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की समीक्षा की तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा क्वार्टर गार्द में अर्दली रूम करते हुए लंबित कार्यों के शीघ्र निस्तारण, रिकॉर्ड्स के अद्यतन रखरखाव एवं परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया गया। इस निरीक्षण के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया कि जनपद में अनुशासन, त्वरित कार्रवाई और बेहतर पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
संवाददाता - दिनेश सिंह अग्निवंशी


No Previous Comments found.