परिवहन विभाग का कारनामा: क्रेटा कार को बना डाला ‘ओवरलोड ट्रक’, 1.03 लाख का चालान
सुल्तानपुर : जनपद में परिवहन विभाग एक बार फिर विवादों में है। इस बार मामला इतना चौंकाने वाला है कि एक निजी क्रेटा कार को कथित रूप से “34 टन ओवरलोड” दिखाते हुए ₹1,03,000 का भारी-भरकम चालान ठोक दिया गया। मामला सामने आने के बाद विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर वाहन संख्या UP 32 MY 8765 का चालान किया गया। प्रवर्तन कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे एआरटीओ प्रवर्तन भूपेश गुप्ता ने वाहन पर कुल ₹1,03,000 का जुर्माना लगाया।
चालान के विवरण के मुताबिक—
34 टन ओवरलोड का जुर्माना – ₹88,000
मोटर कैब उल्लंघन – ₹5,000
परमिट फेल – ₹10,000
हैरानी की बात यह है कि संबंधित वाहन एक निजी क्रेटा कार बताई जा रही है, जिसे ओवरलोड ट्रक की श्रेणी में दर्शा दिया गया। जब चालान का मैसेज वाहन स्वामी श्वेता सिंह के मोबाइल पर पहुंचा तो वे स्तब्ध रह गईं।
सूत्रों के अनुसार, चालान में जो फोटो संलग्न है, वह वाहन के डैशबोर्ड की बताई जा रही है। इस तकनीकी चूक या लापरवाही को लेकर परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
वाहन स्वामी श्वेता सिंह ने इस संबंध में विभाग के उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत देकर चालान निरस्त करने की मांग की है। मामला सामने आने के बाद विभागीय गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और इसे बड़ी प्रशासनिक चूक माना जा रहा है।
इस प्रकरण पर जब एआरटीओ प्रवर्तन भूपेश गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन नहीं उठ सका।
अब देखना यह होगा कि विभाग इस कथित त्रुटि की जांच कर जिम्मेदारी तय करता है या मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी


No Previous Comments found.