अखण्डनगर में दर्दनाक हादसा: अज्ञात चारपहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सुल्तानपुर : थाना क्षेत्र अखण्डनगर में एक भीषण सड़क दुर्घटना में 45 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजबहादुर पाण्डेय पुत्र स्वर्गीय बब्बन पाण्डेय, निवासी ग्राम जाफरपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजबहादुर पाण्डेय राहुलनगर बाजार से अपने गांव जाफरपुर लौट रहे थे। रात लगभग 8:20 बजे जब वह नवयुग पीजी कॉलेज, बारी साहिजन के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात चारपहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही इमरजेंसी एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है तथा पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
थाना प्रभारी संत कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी


No Previous Comments found.