कादीपुर–दोस्तपुर संपर्क मार्ग को आप ने चढ़ाया ग्लूकोज की बोतल

सुलतानपुर :  आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सरैया बाजार में दोस्तपुर से कादीपुर के बीच की 16 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क की बदहाली को लेकर एक अनोखा और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क को ‘मरीज’ करार देते हुए उसे प्रतीकात्मक रूप से ग्लूकोज (IV) की बोतलें चढ़ाईं। उनका कहना था कि यह सड़क अब “वेंटिलेटर” पर है और अपनी अंतिम सांसें गिन रही है।
पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि दोस्तपुर से कादीपुर तक की 16 किमी लंबी सड़क भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनदेखी का जीवंत उदाहरण बन चुकी है। “इस मार्ग पर चलना आम नागरिकों के लिए जान जोखिम में डालने जैसा है। गड्ढे इतने गहरे हो चुके हैं कि सड़क और गड्ढों में अंतर करना मुश्किल हो गया है। हमने आज सरैया बाजार में इसे ‘ग्लूकोज’ चढ़ाकर सरकार को जगाने का प्रयास किया है, ताकि पूरी तरह दम तोड़ने से पहले इसका इलाज हो सके।”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार विज्ञापनों और दावों में व्यस्त है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि जनता धूल फांकने और हादसों का शिकार होने को मजबूर है। यदि 15 दिनों के भीतर इस मार्ग के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र एडवोकेट ने भी प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि “यह सड़क अपनी आखिरी सांसें गिन रही है। अगर 15 दिनों में काम शुरू नहीं हुआ, तो आम आदमी पार्टी इस सड़क की ‘अर्थी’ निकालकर विरोध दर्ज कराएगी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। “आज हमने इसे ‘ग्लूकोज’ चढ़ाकर सोए हुए सिस्टम को जगाने की कोशिश की है। गड्ढे इतने गहरे हैं कि सड़क और मौत के बीच की दूरी खत्म हो गई है। सरकार बड़े-बड़े विज्ञापनों में व्यस्त है और यहाँ की जनता गड्ढों और धूल के बीच जीने को मजबूर है।”
स्थानीय लोगों ने भी सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई और शीघ्र मरम्मत की मांग की। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के बाद क्या कदम उठाता है

रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.