डिप्टी सीएम की फोटो दिखाकर जलाशय पर बना विद्यालय,एसडीएम ने खतौनी में किया संशोधन
सुल्तानपुर - जिले के अलीगंज बाजार स्थित मनियारी गांव में सार्वजनिक जलाशय की भूमि पर विद्यालय और दर्जन भर से अधिक आवासीय भवन बनाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार की कार्रवाई करते हुए एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी ने संबंधित भूमि को पुनः जलाशय की श्रेणी में दर्ज कर दिया है।बताया जा रहा है कि गाटा संख्या 622, क्षेत्रफल लगभग 50 बिस्वा भूमि पर निर्माण पब्लिक स्कूल समेत कई मकान निर्मित हैं। आरोप है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक की फोटो दिखाकर अफसरों पर दबाव बनाया गया और निर्माण कार्य कराया गया।मामले में तत्कालीन जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर से रिपोर्ट तलब की थी। तहसीलदार ने उच्च न्यायालय के हिंच लाल बनाम सरकार रिट का हवाला देते हुए अपनी आख्या प्रस्तुत की थी,जिसमें भूमि की नवईयत त्रुटिवश परिवर्तित होने की बात कही गई थी। जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए राजस्व वाद दर्ज कर एसडीएम सदर को अभिलेख संशोधन का निर्देश दिया था।आदेश के अनुपालन में एसडीएम सदर ने खतौनी में संशोधन कर भूमि को जलाशय के रूप में दर्ज कर दिया। इससे निर्माण पब्लिक स्कूल के प्रोपराइटर राजेश दूबे सहित अन्य भवन स्वामियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।सूत्रों के अनुसार विद्यालय और आवासीय भवनों को बचाने के लिए राजनीतिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। अब निगाहें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अवैध अतिक्रमण पर कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।
रिपोर्टर - जगन्नाथ मिश्र

No Previous Comments found.