त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट: डीआईजी सोमेन बर्मा और एसपी चारु निगम ने कसी कमान
सुल्तानपुर : जनपद में आगामी होली, रमजान और ईद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमेन बर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अयोध्या परिक्षेत्र, पुलिस लाइन सुल्तानपुर पहुंचे। उनके आगमन पर चारु निगम, पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में डीआईजी ने जनपद की कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाहबाजी या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, ड्रोन कैमरों से निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
एसपी चारु निगम ने भी जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को सतर्क रहते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त, जनसंवाद और खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
तकनीकी रूप से पुलिस व्यवस्था को सशक्त बनाने हेतु ‘यक्ष एप’ के प्रभावी संचालन एवं डिजिटल डेटा प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। साथ ही आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में जनपद के सभी पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी


No Previous Comments found.