होली 2026 : पुलिस अधीक्षक चारू निगम की जनपदवासियों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
सुल्तानपुर : पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने होली के पावन पर्व के अवसर पर समस्त जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर सभी नागरिक आपसी सद्भाव, शांति और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्योहार मनाएं।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया है कि होलिका दहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए तथा अग्नि सुरक्षा के सभी नियमों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही से जनहानि या संपत्ति की क्षति हो सकती है, इसलिए सावधानी बरतना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए। रात्रि दस बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। त्योहार के दौरान सार्वजनिक मार्गों को अवरुद्ध न किया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मद्यपान कर वाहन चलाना, तेज गति से वाहन चलाना, खतरनाक करतब दिखाना अथवा तीन सवारी बैठाना विधि विरुद्ध है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि रासायनिक रंगों के स्थान पर प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों का प्रयोग करें। किसी भी व्यक्ति पर जबरन रंग न डालें तथा हुड़दंग और अभद्र व्यवहार से दूर रहें। मजहबी स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि होली के नाम पर दूरभाष अथवा सामाजिक माध्यमों से प्राप्त होने वाले किसी भी प्रकार के संदिग्ध संदेश, प्रलोभन या कड़ी को न खोलें। इससे आपकी निजी एवं आर्थिक जानकारी को खतरा हो सकता है।
सामाजिक माध्यमों पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री साझा न करें। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल निकटतम थाना या आपातकालीन सेवा संख्या 112 पर सूचना दें।
अंत में पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम ने कहा कि जनपद सुलतानपुर पुलिस प्रशासन होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की है, ताकि यह पर्व आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश देता हुआ सफलतापूर्वक संपन्न हो सके
रिपोर्टर : दिनेश सिंह अग्निवंशी

No Previous Comments found.