भव्य कलश यात्रा के साथ श्री नर्मदेश्वर महादेव प्राण-प्रतिष्ठा सह रूद्रयाग महोत्सव का शुभारंभ
सुल्तानपुर : श्री नर्मदेश्वर महादेव प्राण-प्रतिष्ठा सह रूद्रयाग के पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ आज ग्राम सभा केवटली के अयोध्या पुरम मे स्थित मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा के साथ विधिवत हुआ। पूरा क्षेत्र भक्ति, आस्था और सनातन परंपरा के रंग में सराबोर नजर आया।
कलश यात्रा के शुभारंभ से पूर्व मुख्य यजमान के साथ संदीप पांडे द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चन संपन्न की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और उल्लास के साथ यात्रा में सहभागिता की। रथ पर विराजमान अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी परमानंद जी महाराज (श्री पंचायती महा निर्वाणी अखाड़ा) की पावन उपस्थिति ने आयोजन को दिव्य आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। कलश यात्रा अयोध्या पुरम मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर गाजे-बाजे, डीजे और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ आगे बढ़ी। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की सहभागिता से यह यात्रा ऐतिहासिक बन गई। श्रद्धालु रंग-गुलाल के साथ ऐसे उत्साह में डूबे नजर आए मानो स्वयं भोलेनाथ की होली साकार हो उठी हो।
यात्रा गोमती नदी तट पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चन के उपरांत पवित्र जल भरकर श्रद्धालु पुनः अयोध्या पुरम मंदिर प्रांगण में लौटे। पूरे मार्ग में अनुशासन, उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शाम 4 बजे से अयोध्या पुरम मंदिर प्रांगण में ही राम कथा का आयोजन भी होना है, जो आगामी तीन दिनों तक चलेगा। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इस अवसर पर समाजसेवी मनीष पांडे एवं बल्दीराय ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। रामकृष्ण पांडे, राम शिरोमणि पांडे, ओम प्रकाश ओझा, महेंद्र दुबे, विनय ओझा, विजयानंद ओझा, विजय कुमार पांडे उर्फ बाबू फाइटर, रंजीत अग्रहरि, सूर्य नारायण तिवारी, प्रमोद पांडे, प्रद्युम्न पाल, बीडीसी राजकुमार यादव, योगेश तिवारी, केवटली प्रधान प्रतिनिधि अमरीश यादव, अर्जुन सिंह (ब्राहिमपुर) केवटली पूर्ब प्रधान दिनेश सिंह समाजसेवी रवि यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बल्दीराय क्षेत्र की पुलिस बल भी मुस्तैद रही। पूरे क्षेत्र में इस दिव्य आयोजन को लेकर उत्साह चरम पर है और श्रद्धालु निरंतर पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
रिपोर्टर : जगन्नाथ मिश्र

No Previous Comments found.