पत्नी के मायके से वापस न आने से नाराज एक युवक ने आत्महत्या की नीयत से 33,000 वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली के पोल पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया
अखंडनगर : प्यार और तकरार की कहानियां तो अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन सुल्तानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को हैरान कर दिया। पत्नी के मायके से वापस न आने से नाराज एक युवक ने आत्महत्या की नीयत से 33,000 वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली के पोल पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। हालांकि पुलिस की सूझबूझ और समझदारी से युवक की जान बच गई।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार कादीपुर थाना क्षेत्र के पलिया गोलपुर निवासी प्रदीप निषाद (29) की पत्नी सीमा देवी पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। प्रदीप लगातार पत्नी को वापस लाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पत्नी के आने से इनकार करने पर वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया।
गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे प्राणनाथपुर-बिछड़िया मार्ग से गुजर रहे राहगीरों ने देखा कि एक युवक 33 हजार वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली के पोल के सबसे ऊपरी हिस्से पर बैठा हुआ है। यह दृश्य देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की सूझबूझ से बची जान
सूचना मिलते ही अखंडनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। गनीमत रही कि उस समय लाइन में करंट का प्रवाह या तो बंद था या युवक सुरक्षित दूरी पर बैठा हुआ था। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक नीचे से युवक को समझाया और भावनात्मक तरीके से बातचीत कर उसे शांत किया। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
शांति भंग में किया गया चालान
थाना प्रभारी संत कुमार सिंह ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान था, लेकिन उसकी इस हरकत से सार्वजनिक स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो गया था। इसलिए उसके खिलाफ शांति भंग की आशंका (धारा 151) के तहत चालान कर कानूनी कार्रवाई की गई है
संवाददाता : दिनेश सिंह अग्निवंशी
No Previous Comments found.